20 मई: भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। AIIMS भोपाल की रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि ट्विशा की मौत फांसी लगाने से हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार 12 मई की रात करीब 8 बजे उनकी मौत हुई। डॉक्टरों ने गर्दन पर फंदे के निशान पाए हैं, जो आमतौर पर फांसी के मामलों में देखे जाते हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मौत से करीब एक सप्ताह पहले ट्विशा का अबॉर्शन हुआ था।
पोस्टमार्टम में शरीर पर किसी बड़े संघर्ष या गंभीर हमले के निशान नहीं मिले, हालांकि हाथ और शरीर के कुछ हिस्सों पर हल्की चोट और खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस अब इन चोटों की वजह की जांच कर रही है।
डॉक्टरों ने विसरा, खून और अन्य सैंपल एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित रखे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले किसी नशीले या जहरीले पदार्थ का सेवन हुआ था या नहीं। डीएनए जांच भी करवाई जाएगी।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थीं। मामले में पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।