20 मई:सिरमौर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 140 पेटियां शराब बरामद की हैं। मामला पुलिस थाना राजगढ़ के तहत पुलिस चौकी यशवंत नगर का है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से शराब की खेप सोलन से नेरी पुल की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ठाकुर ढाबा, नेरी के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान संदीप वर्मा (30) निवासी गांव बजोग, तहसील राजगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान वाहन से 50 पेटियां देसी और 90 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।