इटली पहुंचते ही छाई मोदी-मेलोनी की नई तस्वीर, रोम में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

20 मई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार शाम रोम पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो तजानी ने उनकी अगवानी की। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे मुलाकात कर बातचीत भी की।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहे इस दौरे के दौरान दोनों नेताओं की नई तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई। मेलोनी ने तस्वीर साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों की झलक देखने को मिली।

प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। भारतीय और इटली की संस्कृति के मेल से सजे कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला और प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बातचीत में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा, संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029, रक्षा सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन मुख्यालय का भी दौरा करेंगे।

भारत और इटली के बीच व्यापार और निवेश के क्षेत्र में लगातार सहयोग बढ़ रहा है। इटली पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात का दौरा भी कर चुके हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *