19 मई: बांग्लादेश के चटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग में तैनात एक भारतीय अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद भारतीय मिशन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान हरियाणा के रहने वाले 35 वर्षीय नरेंद्र के रूप में हुई है, जो भारतीय मिशन में सिक्योरिटी प्रोटोकॉल ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह नरेंद्र काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। सहकर्मियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने पर नरेंद्र का शव कमरे के अंदर मिला।
चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।