18 मई: मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में नगर परिषद चुनाव परिणाम के बाद चल रहा विजय जश्न उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब एक आवारा सांड अचानक भीड़ में घुस गया। इस घटना में 7 लोग घायल हो गए, जबकि मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जानकारी के अनुसार चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थक जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न मना रहे थे। पुलिस थाना के पास रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान राजकीय बाल पाठशाला के मुख्य गेट के पास एक आवारा सांड अचानक उग्र हो गया और लोगों पर हमला कर दिया।
सांड को भीड़ की ओर दौड़ता देख लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में स्थानीय निवासी राज समेत कुल 7 लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि सभी को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।