राजगढ़ में पंचायती राज चुनावों की तैयारियां अंतिम चरण में, 370 कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

15 मई, रवि दत्त भारद्वाज : राजगढ़ और पच्छाद विकास खंड में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से राजगढ़ के नैहरू मैदान में चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का पहला पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों सहित करीब 370 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतपेटियों के प्रबंधन, चुनाव सामग्री के रखरखाव तथा मतदान दिवस पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को चुनाव के दौरान अनुशासन बनाए रखने और हर परिस्थिति में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

हिमाचल प्रदेश निर्वाचन आयोग की ओर से राजगढ़ और पच्छाद विकास खंड के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नरेश पाल सिंह धोलटा भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कर्मचारियों को रिकॉर्ड संधारण, निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

इस बार पंचायती राज चुनावों में पहली बार बीडीएमएस ऐप का उपयोग किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया की रियल टाइम रिपोर्टिंग की जाएगी, जिससे निर्वाचन कार्यों की मॉनिटरिंग अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सकेगी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को ऐप के संचालन की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और यूजर मैनुअल के अनुसार मतदान प्रक्रिया की सभी बारीकियां समझाई गईं। साथ ही कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

चुनाव पर्यवेक्षक नरेश पाल सिंह धोलटा ने कहा कि पंचायती राज चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीडीएमएस ऐप के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और निर्वाचन कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे। उन्होंने सभी कर्मियों से निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील की।

प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *