14 मई: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मिले अधजले युवती के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला में की गई थी, जबकि शव को पहचान छिपाने के लिए हिमाचल के जंगल में जलाकर फेंका गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब उपमंडल की कोलर पंचायत में नेशनल हाईवे-07 से करीब 100 मीटर दूर जंगल में एक युवती का अधजला शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद माजरा पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे, जिनसे पता चला कि मृतका हरियाणा की रहने वाली थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नवीन ने युवती की हत्या अंबाला जिले के बराडा स्थित अपने घर में की थी। हत्या के बाद उसने शव को एक बैग में रखा और उसे ठिकाने लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश लेकर आया। यहां जंगल में शव को आग के हवाले कर दिया गया ताकि पहचान मिटाई जा सके।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले, जिनमें आरोपी और एक अन्य व्यक्ति शव को रेहड़ी पर ले जाते दिखाई दिए। इन फुटेज के आधार पर अंबाला के बराडा थाना पुलिस और सिरमौर की माजरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन को पांवटा साहिब के बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल था। वहीं हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।