13 मई: मुबारिकपुर-तलवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित नकड़ोह गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक भीषण सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे नकड़ोह बाजार के समीप हुआ।
जानकारी के अनुसार कुनेरन निवासी मुलख राज पुत्र तेजा राम अपनी स्कूटी पर मुबारिकपुर की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि जैसे ही मुलख राज ने स्कूटी को मुख्य सड़क से सत्संग रोड की ओर मोड़ा, तभी बाइक अनियंत्रित होकर उनसे जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक स्कूटी को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे नाले में जा गिरे। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मुलख राज की मौत हो चुकी थी।
हादसे में बाइक सवार इंतजार (25) और अमजद (25) पुत्र उस्मान निवासी दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत अम्ब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। वहीं मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।