पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

12 मई: पांवटा साहिब के सतोन बस स्टैंड के पास एनएच-707 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान इन्द्र सिंह (42) पुत्र शेर सिंह निवासी गांव मझौली, डाकघर कोड़गा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इन्द्र सिंह दुकान से सामान खरीदने के बाद सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान शिलाई की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्राले ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्राला चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच पर चक्का जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने पहले ट्राला कब्जे में होने की बात कही, लेकिन बाद में इससे इनकार कर दिया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

स्थिति को देखते हुए पुरूवाला थाना प्रभारी और डीएसपी टीम सहित मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *