12 मई: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि राकेश वहां अपने एक दोस्त के पास छिपा हुआ था, जिसे राजस्थान पुलिस पहले ही 9 मई को गिरफ्तार कर चुकी थी।
परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी, जिसके बाद पेपर लीक की आशंका ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया। जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और खासकर व्हाट्सऐप के जरिए एक कथित “गेस पेपर” वायरल किया गया था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मिलते-जुलते पाए गए।
राजस्थान एसओजी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों में छापेमारी की। जांच के दौरान देहरादून एक अहम ठिकाना सामने आया, जहां पहले भी कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है। इसी आधार पर फरार आरोपी राकेश की गिरफ्तारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, अब तक इस मामले में 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ मामलों में कथित मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा से पहले लगभग 400 से अधिक सवालों वाला एक दस्तावेज छात्रों के बीच फैलाया गया था, जिसमें से कई प्रश्न असली पेपर से मेल खाते थे। इसके बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
फिलहाल राजस्थान एसओजी पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। देहरादून पुलिस ने बताया कि उन्होंने राजस्थान पुलिस को सहयोग किया और आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।