बंगाल में सत्ता बदलते ही बड़ा बदलाव, आयुष्मान भारत योजना लागू करने की घोषणा; लाखों लोगों को मिलेगा लाभ

12 मई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलना शुरू होगा। उन्होंने कहा कि नई डबल इंजन सरकार केंद्र की सभी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करेगी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों का कल्याण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है, जो लोगों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराती है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर तालमेल से अन्य योजनाओं का लाभ भी लोगों तक आसानी से पहुंचेगा।

दरअसल, पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा ने औपचारिक रूप से सरकार संभाल ली है। इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस का 15 साल पुराना शासन खत्म हो गया। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने आयुष्मान भारत योजना को बड़ा मुद्दा बनाया था और आरोप लगाया था कि पिछली सरकार ने राजनीतिक कारणों से कई केंद्रीय योजनाओं को राज्य में लागू नहीं होने दिया।

आयुष्मान भारत योजना, जिसे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम से भी जाना जाता है, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को हर साल पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देती है। तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल में यह योजना लागू नहीं थी और राज्य सरकार अपनी ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना चला रही थी।

भाजपा का कहना था कि आयुष्मान भारत लागू न होने से राज्य के लोग देशभर के सूचीबद्ध अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रह गए। वहीं, तृणमूल कांग्रेस का दावा था कि उसकी स्वास्थ्य साथी योजना ज्यादा व्यापक और लाभकारी है। अब नई सरकार बनने के बाद राज्य में आयुष्मान भारत योजना को जल्द लागू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *