11 मई: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घायल हुई एक बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बड़सर थाना क्षेत्र के बरोली इलाके में पेश आया। मृतका की पहचान 84 वर्षीय दुलूंबी देवी निवासी गांव पथ्लियार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बड़सर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मैहरे निवासी कार चालक कार्तिक तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
एएसपी हमीरपुर लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।