10 मई: सोलन में आयोजित भाजपा की चुनावी रैली के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में जल्द सत्ता परिवर्तन होगा और भाजपा की सरकार बनने के बाद सोलन नगर निगम से जुड़े कई मुद्दों का समाधान किया जाएगा।
शनिवार को गंज बाजार में आयोजित रैली में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान सोलन नगर निगम की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ चुकी है और लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में पांच से सात दिन बाद पानी की सप्लाई हो रही है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर शिमला की तर्ज पर सोलन के लिए भी विशेष जल परियोजना तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी, ताकि शहरवासियों को 24 घंटे पानी उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों को बाहर करने पर भी विचार किया जाएगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आगामी समय में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता सौंपेगी।
इस दौरान प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत का उत्साह अब हिमाचल तक पहुंच चुका है। कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप, विधायक बलबीर वर्मा, रश्मिधर सूद और डॉ. राजेश कश्यप सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने शहर में पानी की समस्या को लेकर पुराने बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया और मटके फोड़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने नगर निगम पर लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में विफल रहने का आरोप लगाया।