10 मई : राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिमला पुलिस के स्पैशल सैल ने लालपानी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पंजाब के दो युवकों को चिट्टा और नकदी सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कथित तौर पर शिमला में नशे की खेप पहुंचाने आए थे।
जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल की टीम सुबह लालपानी बस स्टॉप क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन में सवार दो युवक शहर में चिट्टे की सप्लाई करने आने वाले हैं और लालपानी क्षेत्र में डिलीवरी देने के लिए रुक सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने लालपानी टी-स्टॉल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में सवार दोनों युवकों के पास से 10 ग्राम चिट्टा और नकदी बरामद की गई। आरोपियों की पहचान निशान सिंह निवासी फिरोजपुर (पंजाब) और गुरप्रीत सिंह निवासी कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद चिट्टा, नकदी और वाहन को कब्जे में ले लिया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच के दौरान इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।