9 मई: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में आग लगने की घटना में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम जुब्बल थाना क्षेत्र के गांव मटासा में हुई। मृतक की पहचान टोपिद्र कार्की निवासी नेपाल के दैलेख जिले के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव मटासा में एक सेब बगीचे में काम करता था और स्थानीय निवासी भूषण बासटा के यहां रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शाम के समय युवक ने रसोई के पास सेब की खाली ट्रे इकट्ठा कर उनमें आग लगाई। इसी दौरान आग अचानक भड़क गई और वह उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहीं मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।