मंडी में दर्दनाक हादसा: मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत, बचाने पहुंचे लोग भी घायल

9 मई: मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बहरी में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे चार अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बहरी गांव निवासी 75 वर्षीय मलका देवी पत्नी भादर सिंह खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान कुल पांच लोग घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि मलका देवी और एक अन्य घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान मलका देवी ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर सहायता प्रदान की। तहसीलदार प्रवीण शर्मा ने प्रशासन की ओर से परिवार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि सौंपी। इस हादसे के बाद बहरी गांव में शोक की लहर फैल गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *