झरेड़ी अग्निकांड: चारा-लकड़ी राख, मवेशियों की हालत गंभीर

8 मई: ग्राम पंचायत बजूरी के अंतर्गत आने वाले झरेड़ी गांव में गुरुवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड हो गया। गांव निवासी जोगिंद्र पाल की पशुशाला में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब दोपहर 12:30 बजे की बताई जा रही है।

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सबसे पहले पशुशाला में बंधे मवेशियों को बाहर निकाला। हालांकि तब तक दो भैंसें आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुकी थीं। इनमें एक भैंस लगभग 90 प्रतिशत और दूसरी करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई।

घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से पशुशाला में रखा चारा और लकड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में परिवार को लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घायल मवेशियों के उपचार के लिए पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और उनका इलाज किया।

घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना और प्रशासन से राहत कार्य तेज करने की मांग की। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 4000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई, जबकि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी ओर से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *