बीडीसी चुनाव के लिए 7 मई से नामांकन शुरू, बीडीओ कार्यालय में जमा होंगे आवेदन

7 मई : तहसीलदार राधिका सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत पंचायत समिति (बीडीसी) सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 7 मई, 8 मई और 11 मई 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक बीडीओ कार्यालय में उनके समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 को सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी, जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया 14 मई और 15 मई 2026 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगी। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 मई 2026 को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

तहसीलदार राधिका सैनी ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ नामांकन पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों में विधिवत हस्ताक्षर या अंगूठा निशान सहित नामांकन पत्र (Form-18), संबंधित पंचायत, समिति या जिला परिषद से जारी नो-ड्यूज प्रमाण पत्र (Form 18-A), सत्यापित शपथ पत्र/घोषणा पत्र (Form 18-B), शपथ पत्र (Form-19), आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), मतदाता सूची में नाम का प्रमाण, आयु प्रमाण पत्र के रूप में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र या पैन कार्ड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की आयु 12 मई 2026 तक न्यूनतम 21 वर्ष होना अनिवार्य है। इसके साथ नियमानुसार सुरक्षा राशि जमा करवाना भी जरूरी होगा।

उन्होंने सभी इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर सभी जरूरी दस्तावेजों सहित समय पर नामांकन दाखिल करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *