5 मई: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कोटखाई के बाघी क्षेत्र में सड़क पार कर रही 4 साल की एक मासूम बच्ची को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नेपाली मूल की यह बच्ची अपनी मां के साथ गुम्मा से बड़ेच स्थित अपने गांव जा रही थी। बाघी के पास बच्ची अपनी मां के पीछे चल रही थी। इसी दौरान, सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि जैसे ही एक एचआरटीसी बस वहां से गुजरी, बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी। उसी समय शिमला की ओर आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची के मामा गोपाल ने बताया कि वह मात्र 4 वर्ष की थी और पूरा परिवार नेपाल का रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।