चरस तस्करी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

4 मई: चरस तस्करी के मामले में लम्बागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार बैजनाथ के नगेहड़ क्षेत्र के सुरिंदर कुमार को पहले चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने बताया कि बरामद की गई चरस उसने जिला मंडी की बालीचौकी तहसील के गांव भाओगी निवासी 53 वर्षीय दिलीप सिंह पुत्र लाल सिंह से खरीदी थी।

इस खुलासे के बाद पुलिस टीम ने मंडी जिला में दबिश देकर दिलीप सिंह को हिरासत में लिया और उसे लम्बागांव लाया गया। दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है, जिसमें तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सुरिंदर कुमार से पहले ही 1 किलो 117 ग्राम चरस बरामद की जा चुकी है। अब दूसरे आरोपी दिलीप सिंह को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले की पुष्टि डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *