चंबा में बड़ा हादसा टला: अचानक टूटा ग्लेशियर, भागकर बची मजदूरों की जान

1 मई : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला के चुराह क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक ग्लेशियर टूटकर सड़क पर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ मशीनों को हल्का नुकसान पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि बैरागढ़–साचपास–किलाड़ मार्ग पर सतरूंडी के कार्थनाला क्षेत्र में सड़क बहाली का काम चल रहा था। हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग बंद हो गया था, जिसे खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी और मजदूर मौके पर जुटे हुए थे।

इसी दौरान अचानक पहाड़ी से ग्लेशियर टूटकर तेजी से सड़क की ओर आ गिरा। स्थिति को भांपते हुए वहां मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत भागकर अपनी जान बचाई।

कुछ ही पलों में भारी मात्रा में बर्फ सड़क पर फैल गई, जिससे मार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया। समय रहते सतर्कता बरतने से बड़ा हादसा टल गया। एहतियात के तौर पर फिलहाल सड़क बहाली का कार्य रोक दिया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *