1 मई: कांगड़ा जिले के ज्वाली उपमंडल की ग्राम पंचायत हार स्थित श्री मणिमहेश सेवादल की गौशाला में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे भारी नुक्सान हुआ। आग की चपेट में आने से मवेशियों के लिए रखा गया करीब 850 क्विंटल भूसा (तूड़ी) जलकर पूरी तरह राख हो गया।
जानकारी के अनुसार गौशाला के शेड में मवेशियों के चारे के लिए करीब 9 ट्रक तूड़ी डंप करके रखी गई थी। गुरुवार सुबह अचानक शेड से धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता बरती, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग ज्वाली को दी गई। मौके पर पहुंचे गौशाला के सदस्य और कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी की मदद से जलती हुई तूड़ी को बाहर निकालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश भूसा जल चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम ज्वाली नरेंद्र जरियाल ने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।