30 अप्रैल: कुल्लू/मनाली: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मनाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रांगड़ी स्थित एक होटल में दबिश देकर पंजाब के तीन युवकों को चिट्टा (हेरोइन) और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में नशीले पदार्थ रखे गए हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने होटल के कमरा नंबर 205 में छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे से 8.570 ग्राम चिट्टा और 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पंजाब के फिरोजपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है कि यह नशा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।