गगल-गगरेट जमीन सौदों की SIT जांच पूरी, रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय भेजी

30 अप्रैल: गगल एयरपोर्ट और गगरेट क्षेत्र में हुए कथित बेनामी जमीन सौदों की जांच को लेकर गठित एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर पुलिस मुख्यालय को भेज दी है। यह जांच भूमि के संदिग्ध लेन-देन और HP Tenancy and Land Reforms Act, 1972 की संभावित उल्लंघनों को ध्यान में रखते हुए की गई है।

जानकारी के अनुसार, एसआईटी ने राजस्व विभाग से संबंधित रिकॉर्ड हासिल कर गहन जांच की। जांच के दौरान उन मामलों पर विशेष फोकस किया गया, जहां विकास परियोजनाओं के लिए जमीन की खरीद-फरोख्त के दौरान बेनामी स्वामित्व और अनियमितताओं की आशंका जताई गई थी। गगल एयरपोर्ट (कांगड़ा) और गगरेट (ऊना) के आसपास हुए सौदों की विस्तृत पड़ताल के बाद यह रिपोर्ट तैयार की गई है।

एसआईटी का गठन पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर किया गया था, जिसकी अध्यक्षता डीआईजी सौम्या सांबशिवन ने की। टीम में एसपी रमन शर्मा, डीएसपी प्रताप ठाकुर और अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने तीन माह के भीतर जांच पूरी करते हुए संदिग्ध भूमि लेन-देन, बेनामी स्वामित्व और कानूनी प्रावधानों के संभावित दुरुपयोग से जुड़े पहलुओं का विस्तृत ब्यौरा तैयार किया है।

सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट अब जल्द ही प्रदेश सरकार को भी भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि भूमि खरीद-फरोख्त में पारदर्शिता बनाए रखने और कानून के सख्त पालन के लिए किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *