30 अप्रैल: चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर ‘चनू की हट्टी’ के पास गुरुवार सुबह सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार, एनएच प्राधिकरण द्वारा यहां सड़क को मजबूत करने के लिए रिटेनिंग वॉल (डंगा) का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के समय ऊपर से सड़क का हिस्सा दरक कर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
सड़क धंसने के बाद सुबह करीब 8 बजे से ही हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक यातायात ठप रहने के कारण स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही एनएच मंडल चंबा की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने के साथ वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 11 बजे मार्ग को फिर से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
हालांकि, खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। प्रभावित क्षेत्र में जमीन लगातार धंस रही है, जिससे सड़क का हिस्सा रावी नदी में समाने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस स्थान को जल्द स्थायी रूप से सुरक्षित करने की मांग की है और भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सड़क धंसने की सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मार्ग को बहाल कर दिया है और प्रभावित क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।