30 अप्रैल: कांगड़ा: Rahul Gandhi गुरुवार को आठ घंटे के हिमाचल दौरे पर कांगड़ा पहुंचेंगे। वह यहां गुप्त गंगा में आयोजित तीन राज्यों—हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर—के जिला व शहरी कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को लेकर नेताओं को मार्गदर्शन देंगे।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी सुबह करीब 7:30 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे कार्यक्रम स्थल जाएंगे। प्रशिक्षण शिविर के दौरान वे जिला व शहरी अध्यक्षों के साथ संवाद कर फीडबैक लेंगे। उनके साथ नाश्ता और दोपहर का भोजन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा। यह प्रशिक्षण शिविर संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत आयोजित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करना है।
दोपहर करीब 2:30 बजे राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक स्थिति, सरकार के कार्यों की समीक्षा और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। शाम को वे वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांगड़ा में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। सब्जी मंडी और यात्री सदन के आसपास के इलाकों में विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते उनके काफिले के गुजरने से पहले और बाद में ट्रैफिक को अस्थायी रूप से रोका जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत प्रतिनिधियों और उनके परिवारों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी, जबकि रूट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।