तेंदुए की दहशत से कांपा घ्याना गांव, दिनदहाड़े बकरे का शिकार

29 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं उपमंडल के मोरसिंघी पंचायत के घ्याना गांव में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा घटना में तेंदुए ने घर के पास चर रहे एक बकरे को अपना शिकार बना लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सीमा देवी अपने घर के नजदीक बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और एक बकरे को पकड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ ओझल हो चुका था।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे अब पशुधन के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहरा गई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में जल्द पिंजरा लगाया जाए और तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *