29 अप्रैल: हमीरपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्कूल शिक्षकों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो सके।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस आयु वर्ग की 2967 लड़कियों का पंजीकरण किया गया है, जिनमें से अब तक 1083 यानी लगभग 36 प्रतिशत को टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिला की रैंकिंग बेहतर है, लेकिन अभी भी 64 प्रतिशत लड़कियों का टीकाकरण किया जाना बाकी है।
उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर जैसे साक्षर और विकसित जिले में यह लक्ष्य हासिल करना संभव है, बशर्ते सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और शिक्षकों से अपील की कि वे अभिभावकों और छात्राओं को टीकाकरण के लिए जागरूक करें।
उन्होंने यह भी बताया कि अब 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां किसी भी दिन अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जाकर एचपीवी का टीका लगवा सकती हैं। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले अधिक पाए जाते हैं और यह टीका भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक होगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री सहित अन्य अधिकारियों ने अभियान की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित करने की भी बात कही गई।