29 अप्रैल: कांगड़ा के गुप्त गंगा में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता होते हैं, इसलिए हर कार्यकर्ता को उसकी मेहनत के अनुसार सम्मान मिलना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। उनकी वैचारिक दृढ़ता और सक्रिय भागीदारी से ही संगठन सशक्त बनता है। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान भी किया। शिविर में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर सिंह गोमा और हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा भी मौजूद रहे।
उन्होंने आगे कहा कि आजादी के बाद देश ने जिस तेजी से विकास किया और अंतरिक्ष तक अपनी पहचान बनाई, उसमें कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय योगदान दें।
मंगलवार को मुख्यमंत्री का शिमला जाने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका हेलिकॉप्टर गगल हवाई अड्डे पर ही रोक दिया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार शिमला में मौसम अनुकूल न होने के कारण उड़ान संभव नहीं हो पाई। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से धर्मशाला के लिए रवाना हो गए।