29 अप्रैल: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रैत में पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अपने अचानक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास खंड अधिकारी के निर्माणाधीन भवन और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इस मौके पर युवा खेल मंत्री यदवेंद्र गोमा और उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
रैत पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल को शिक्षा के क्षेत्र में एक अहम पहल बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण बच्चों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी और उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार प्रदेश के संतुलित विकास और हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।
वहीं, विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि शाहपुर क्षेत्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के इस दौरे से चल रहे कार्यों को और गति मिलेगी।