हिमाचल में मौसम का यू-टर्न, 28 अप्रैल से 3 मई तक बारिश-बर्फबारी के आसार

28 अप्रैल: भीषण गर्मी से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में अब मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से 3 मई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

28 अप्रैल के लिए शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है।

29 अप्रैल को भी राज्य के विभिन्न जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 3 मई तक पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, लेकिन अधिकतर स्थानों पर तेज गर्मी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री अधिक रहा। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *