26 अप्रैल: चंबा जिले के भटियात क्षेत्र की तुनुहट्टी पंचायत के जंद्राह गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती की पहचान सिमरन (पुत्री सरोज कुमारी) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले परिवार में जमीन और घर को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले स्थानीय क्लिनिक और फिर चुवाड़ी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। टांडा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, बाद में युवती के मोबाइल फोन में एक नोट मिला है, जिसमें पारिवारिक तनाव का जिक्र किया गया है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।