25 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऊना और मंडी जिलों से हाल ही में लूट और छीनाझपटी के मामले सामने आए हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ी है।
ऊना जिले के त्यूड़ी क्षेत्र में वीरवार रात शराब के ठेके पर नकाबपोश युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक और स्कूटी पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर सेल्समैन को डराया। आरोपियों ने करीब 35 हजार रुपये नकद, शराब की बोतलें और एक मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।
वहीं मंडी जिले के औट थाना क्षेत्र के कनौज गांव में एक महिला से छीनाझपटी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर महिला के कानों से बालियां छीन लीं और फरार हो गया।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। संबंधित मामलों में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।