ऊना में देर रात वारदात की कोशिश, पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने लुटेरों को खदेड़ा

25 अप्रैल: जिला ऊना में लूट की वारदातों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला ऊना-नंगल हाईवे पर स्थित बहडाला पेट्रोल पंप का है, जहां शनिवार देर रात लूट की बड़ी साजिश को कर्मचारियों की सूझबूझ से नाकाम कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। सभी ने अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे। पहले उन्होंने पंप की रेकी की और फिर लूटपाट के इरादे से ऑफिस में घुसने की कोशिश की।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति को भांपते हुए हिम्मत दिखाई और लुटेरों का डटकर सामना किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई। कर्मचारियों के कड़े विरोध के चलते लुटेरे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

घबराए लुटेरे बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना मैहतपुर की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पेट्रोल पंप मालिक विकास भारद्वाज ने कर्मचारियों की बहादुरी की सराहना की और बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

एसपी सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार संभवतः एयर गन हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *