25 अप्रैल: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत थाना ढली पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढली चौक स्थित एक गैस्ट हाउस में पंजाब का एक युवक नशीले पदार्थ के साथ ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित गैस्ट हाउस में दबिश दी।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान कमरे में ठहरे युवक के कब्जे से 8.040 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान विशाल राणा (19), निवासी इच्छेवाला रोड, फिरोजपुर सिटी, जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
बरामद नशीले पदार्थ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।