बद्दी हादसे के बाद तीसरे दिन भी बंद रही अप्पा स्वामी कंपनी, जांच टीम लौटी बैरंग

24 अप्रैल, कविता शांति गौतम: बद्दी के जुड्डीकलां स्थित आई ड्रॉप्स बनाने वाली निजी कंपनी अप्पा स्वामी ऑक्यूलर डिवाइसेज प्रा. लि. में हुए हादसे के बाद तीसरे दिन भी फैक्ट्री बंद रही। कंपनी प्रबंधन के टालमटोल रवैए के चलते जांच के लिए पहुंची उद्योग विभाग की टीम को बिना निरीक्षण किए ही वापस लौटना पड़ा।

गौरतलब है कि बुधवार को कंपनी में नए एसी यूनिट स्थापित करने के दौरान एक कम्प्रेसर फटने से 20 वर्षीय युवक ऋषभ (निवासी धर्मपुर, सरकाघाट) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मान सिंह (निवासी सोलन) घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।

शुक्रवार को उपनिदेशक उद्योग विभाग की टीम, प्रबंधक नितिन गुप्ता के नेतृत्व में एसआईडीसी के जेई होशियार सिंह व दलीप सिंह के साथ फैक्ट्री पहुंची, लेकिन वहां केवल सुरक्षा कर्मी मौजूद मिले। फैक्ट्री बंद होने के कारण टीम को लौटना पड़ा।

उद्योग विभाग के प्रबंधक नितिन गुप्ता ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही लेबर ऑफिसर के साथ संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। वहीं प्लांट हेड सी. मदन प्रभु से संपर्क नहीं हो सका।

इस बीच मजदूर नेता एच. राणा ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन जानबूझकर बहाने बनाकर जांच से बच रहा है। उन्होंने कहा कि कभी दस्तावेज तैयार करने तो कभी अन्य कारणों का हवाला देकर अधिकारियों को गेट से ही वापस भेजा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व भी इसी फैक्ट्री में एक महिला कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया था, जिस पर श्रम विभाग द्वारा कार्रवाई की गई थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *