24 अप्रैल: बॉलीवुड की ‘डिंपल गर्ल’ प्रीति जिंटा ने हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रत्नारी स्थित मीना बाग में अपने परिवार और बच्चों के साथ सुकून भरा समय बिताया। शिमला से जुड़ी प्रीति का बचपन भी यहीं बीता है, और वह लंबे समय से इस खूबसूरत जगह पर आने की इच्छा रखती थीं, जो इस बार पूरी हुई।
अपने व्यस्त शेड्यूल और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से ब्रेक लेकर आईं प्रीति ने यहां प्राकृतिक सुंदरता के बीच सुकून के पल बिताए। प्रवास के दौरान वह स्थानीय बिशु मेले में भी पहुंचीं, जहां उन्हें बच्चों के लिए खिलौने खरीदते हुए देखा गया।
मीना बाग में उन्होंने जैविक पर्माकल्चर फार्म का अनुभव लिया और परिवार के साथ जानवरों के बीच समय बिताया। इस दौरान उन्होंने भेड़ों, अंगोरा खरगोश, बत्तखों को दाना खिलाया और फार्म के पालतू जानवरों के साथ खेलती नजर आईं।
अपने दौरे के अंत में प्रीति जिंटा ने मीना बाग के लॉन में बुरांश का पौधा भी लगाया और हिमालयी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में बिताया यह छोटा-सा ब्रेक बेहद सुकून देने वाला रहा।
सोशल मीडिया पर भी प्रीति ने अपनी इस ट्रिप की झलकियां साझा करते हुए लिखा, “उफ्फ… ये पहाड़ तो सच में जादू हैं!”