23 अप्रैल: कुल्लू जिले के Manali में वाहन चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने चोरी हुई ऑल्टो K10 कार को Nerchowk से बरामद कर लिया है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वशिष्ठ निवासी चाँदनी ठाकुर ने थाना मनाली में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 26 मार्च 2026 को उनके पति ने अपनी ऑल्टो कार (HP-02K-2427) सुबह करीब 7:30 बजे मनाली के वॉल्वो बस स्टैंड पर पार्क की थी। करीब दो घंटे बाद लौटने पर वाहन वहां से गायब पाया गया।
स्थानीय स्तर पर तलाश के बाद जब वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल 2026 को चोरीशुदा वाहन को नेरचौक से बरामद कर लिया। इस मामले में 25 वर्षीय आरोपी प्रकाश, निवासी गांव छोल, तहसील चच्योट (जिला मंडी) को गिरफ्तार किया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू Madan Lal ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से केस को सुलझाया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।