महिला सशक्तिकरण पर जोर: महिलाओं को मिला रोजगार का साधन, मंत्री शांडिल ने बांटी सिलाई मशीनें

21 अप्रैल: सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रही है। वह सोलन विधानसभा क्षेत्र के ममलीग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मंत्री ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से जरूरतमंद महिलाओं को 50 सिलाई मशीनें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुख्खू के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही मजबूत समाज की नींव होती है और इसी उद्देश्य से सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना कांग्रेस सरकार की अहम उपलब्धि रही है। साथ ही, पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण और विवाह की न्यूनतम आयु 18 से बढ़ाकर 21 वर्ष करने का निर्णय भी महिला सशक्तिकरण को मजबूती देता है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हिमकेयर योजना में कई सुधार किए गए हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगेगा। अब सरकारी अस्पतालों को क्लेम का भुगतान वास्तविक उपचार लागत और निर्धारित पैकेज दरों में जो कम होगा, उसके आधार पर किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान करने के निर्देश दिए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *