21 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में टीजीटी (नॉन मेडिकल) के पदों को भरने के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा पोस्ट कोड-25002 के तहत कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की गई थी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार, इन पदों के लिए कुल 15,983 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 14,380 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के बाद 999 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया 16 मार्च से 1 अप्रैल तक चली, जिसके बाद 333 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।
हालांकि, पात्र उम्मीदवार उपलब्ध न होने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 6 और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 4 पद रिक्त रह गए हैं।
आयोग ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों की सूची, उनके रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दी गई है।