20 अप्रैल: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने चौरंगी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी मानस सरकार के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मतदाता, खासकर युवा वर्ग, अब बदलाव चाहता है और विकास, पारदर्शिता व सुशासन पर आधारित सरकार की अपेक्षा रखता है। उन्होंने बताया कि लगभग 20 वर्षों के बाद कांग्रेस ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सभी धर्मों और जातियों का समान सम्मान करती है और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए कांग्रेस का समर्थन करें।
वर्तमान राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की कार्यप्रणाली से जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। वहीं, उन्होंने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान अवसरों के लिए संघर्ष करती आई है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ यह लड़ाई जारी रखेगी।