टैक्सी चालक पर जानलेवा हमला: गला दबाया, चाकू से वार; 24 घंटे बाद जंगल से जिंदा मिला, 2 आरोपी गिरफ्तार

20 अप्रैल: रक्कड़ क्षेत्र के अंतर्गत कलोहा सरड़ बम्मी में एक टैक्सी चालक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 19 और 23 वर्ष के दो युवकों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि दोनों ने टैक्सी चालक मेहर सिंह पर पहले चाकू से हमला किया और फिर रस्सी से गला दबाकर उसे मृत समझकर जंगल में छोड़ दिया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब चालक के भाई प्रताप ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मझीन चौकी में दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि मेहर सिंह सवारी लेकर होशियारपुर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्च अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान शक के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने सीकरा दा परोह होते हुए कामाख्या मंदिर मार्ग के जंगल में तलाशी ली, जहां टैक्सी चालक गंभीर हालत में जीवित मिला। उसे तत्काल देहरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से नाजुक हालत के चलते टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवकों ने टैक्सी को होशियारपुर जाने के लिए किराए पर लिया था। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने चालक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी चालक की गाड़ी लेकर होशियारपुर पहुंचे और उसे लावारिस छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार आरोपियों पर लूटपाट के भी आरोप हैं, जिनकी जांच जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवक नशे के आदी हैं और पहले भी इस चालक के साथ यात्रा कर चुके हैं।

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच हर पहलू से की जा रही है।

इस पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घायल टैक्सी चालक करीब 24 घंटे तक जंगल में जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते उसे बचा लिया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *