देहरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 42 ग्राम चरस के साथ हमीरपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

19 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना रक्कड़ पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान नशा तस्करी को लेकर मिली पुख्ता सूचना के आधार पर नाथुन, बड़ा मोड़ डांगरा रोड के पास वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका गया, जिस पर सवार दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 42 ग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हमीरपुर जिले के दो व्यक्तियों के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ थाना रक्कड़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *