19 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के बकलोह सैन्य क्षेत्र में प्रशिक्षण के दौरान एक 26 वर्षीय सेना जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहित, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना की 29 पैरा यूनिट में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, जवान नियमित प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों और अधिकारियों ने उसे तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सेना की ओर से भी आंतरिक जांच की जा रही है। जवान की दो महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे इस घटना के बाद परिवार और सैन्य क्षेत्र में शोक का माहौल है।