तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई: 2 मासूमों की मौत, 3 लोग गंभीर घायल

19 अप्रैल: पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के अंतर्गत मिलवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने पर 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा मिलवां गांव के मुख्य मार्ग के पास स्थित सरकारी कृषि फार्म के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार अंकित शर्मा, निवासी गंदला लाहड़ी (जिला पठानकोट), अपनी पत्नी आरती शर्मा और दो बच्चों के साथ लुधियाना से माता वैष्णो देवी के दर्शन और बेटे के मुंडन संस्कार के लिए निकले थे।

बताया जा रहा है कि परिवार ने दिल्ली से आ रही एक क्रेटा कार में पठानकोट तक लिफ्ट ली थी। अपने गांव पहुंचने के बाद वे अपने 8 माह के बेटे के मामा को साथ लेकर वैष्णो देवी जाने वाले थे। इसी दौरान कार में पहले से सवार गुरुग्राम निवासी रवि कुमार भी उनके साथ यात्रा कर रहा था।

जैसे ही कार मिलवां गांव के पास पहुंची, चालक अचानक संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे खड़े सफेदे के पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना गंभीर था कि अंकित शर्मा के 8 माह के बेटे आर्थव और 9 वर्षीय बेटी आयत को तुरंत मुकेरियां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में अंकित शर्मा, उनकी पत्नी आरती शर्मा और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी भागा राम और उनकी टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुकेरियां शवगृह में रखवाया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *