19 अप्रैल: बिलासपुर पुलिस की पीओ सेल टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को जम्मू-कश्मीर के डोडा से गिरफ्तार कर भराड़ी पुलिस के हवाले किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना भराड़ी में वर्ष 2003 में आईपीसी की धारा 381 के तहत दर्ज चोरी के मामले में आरोपी कई वर्षों से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके चलते वर्ष 2013 में न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी कड़ी में एचएचसी राकेश कुमार की अगुवाई में टीम के सदस्य मनीष, पंकज और रवि जम्मू-कश्मीर पहुंचे। वहां कड़ी मशक्कत के बाद पीओ सेल टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फयाज अहमद (40) पुत्र रजाब भट्ट, निवासी गांव खुन्नू उदयपुर, जिला डोडा (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भराड़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।