15 अप्रैल: पांवटा साहिब वन मंडल के तहत घुतनपुर गांव में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से तेंदुए की खाल सहित वन्यजीवों के अंगों का जखीरा बरामद किया है। यह छापेमारी बुधवार तड़के करीब 4 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट आदित्य शर्मा के नेतृत्व में टीम ने अख्तर अली के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान छत से तेंदुए की खाल, पंजे, घोरल और काकड़ के सींग, खाली कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया।
वन विभाग ने मौके से अख्तर अली और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।
वहीं, कुछ ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस पर एसीएफ आदित्य शर्मा ने कहा कि बरामदगी पुख्ता सबूत है और यदि किसी के पास अतिरिक्त जानकारी है तो वह विभाग को दे सकता है।