13 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के उपमंडल बड़सर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां के 26 वर्षीय युवक अमन कुमार की दक्षिण अफ्रीका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव वहां एक स्विमिंग पूल में मिला, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार पिछले वर्ष दिवाली के बाद रोजगार के लिए दक्षिण अफ्रीका गए थे, जहां वह एक होटल में कार्यरत थे। वह अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता उधम सिंह ने मेहनत-मजदूरी कर बेटे को होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करवाई थी, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके।
अमन की मौत की खबर से गांव काली चीक, पंचायत महारल में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ समय पहले ही विवाह किया था और परिवार में आगे की रस्मों की तैयारियां चल रही थीं।
स्विमिंग पूल में शव मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है, जिसकी जांच वहां की स्थानीय एजेंसियां कर रही हैं। इधर, परिजनों ने सरकार और विदेश मंत्रालय से अमन का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि इसमें 15 से 20 दिन का समय लग सकता है।