शाहपुर में भीषण सड़क हादसा: 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, 6 लोग घायल

13 अप्रैल: कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में रविवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा पेश आया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना दरीणी के ‘डिब्बा’ क्षेत्र में शाम करीब 4 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मारुति कार जब उक्त स्थान से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों की पहचान मोहित राणा, दया, दीपक, रोहित, अनुज और ऋषभ, सभी निवासी गांव भनाला, तहसील शाहपुर के रूप में हुई है। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दया को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल शाहपुर में चल रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक अनुज कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *