11 अप्रैल: शाहपुर स्थित हाइट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में आयोजित तीन दिवसीय प्रथम राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का समापन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस प्रतियोगिता ने देशभर के विधि विद्यार्थियों को अपनी तर्क क्षमता, शोध कौशल और वकालत प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान किया।
समापन समारोह में निर्णयक मंडल के रूप में सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश सुरेश चौधरी, धर्मशाला बार के वर्तमान अध्यक्ष अंकुर सोनी और पूर्व बार अध्यक्ष तरुण शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक दुष्यंत कैस्था और उपाध्यक्ष स्वाति कैस्था ने निर्णायकों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में HIMCAPS, लखनऊ यूनिवर्सिटी, इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज घनाहट (शिमला) और UILS शिमला की टीमों ने जगह बनाई। फाइनल मुकाबला लखनऊ यूनिवर्सिटी और HIMCAPS के बीच हुआ, जिसमें लखनऊ यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। 
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने गहन शोध, तार्किक विश्लेषण और प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी को प्रभावित किया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। बेस्ट स्पीकर का पुरस्कार अश्मित सिंह ठाकुर (ILS घनाहट, शिमला) को, बेस्ट मेमोरियल का सम्मान UILS शिमला को तथा बेस्ट रिसर्चर का खिताब कृष्ण कुमार को मिला।
विजेता टीम को ₹10,000, रनर-अप को ₹5,000 तथा अन्य श्रेणियों के विजेताओं को ₹2,500-₹2,500 की नकद राशि, मोमेंटो और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल सीखने का मंच बना, बल्कि उनके आत्मविश्वास और पेशेवर कौशल को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध हुआ।